नवंबर 2026 से जुलाई 2027 तक प्रस्तावित परीक्षाओं की समय-सारिणी जारी; अभ्यर्थियों को तैयारी के लिए मिला स्पष्ट कार्यक्रम।
उत्तराखंड में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए बड़ी खबर है। उत्तराखंड लोक सेवा आयोग (UKPSC) ने विभिन्न विभागों की 11 भर्ती परीक्षाओं का प्रस्तावित कैलेंडर जारी कर दिया है। आयोग के सचिव अशोक कुमार पांडेय के अनुसार, इस समय-सारिणी में पीसीएस, लोअर पीसीएस, प्रवक्ता, वैयक्तिक सहायक, कर एवं राजस्व निरीक्षक, पशु चिकित्साधिकारी, समीक्षा अधिकारी और कनिष्ठ अभियंता सहित कई पदों की परीक्षाएं शामिल हैं। आयोग का उद्देश्य भर्ती प्रक्रिया को व्यवस्थित ढंग से आगे बढ़ाना और अभ्यर्थियों को पहले से परीक्षा की तैयारी का अवसर देना है।
जारी कैलेंडर के अनुसार, पीसीएस प्रारंभिक परीक्षा 29 नवंबर 2026 को प्रस्तावित है। इसके बाद छह दिसंबर को इंटर कॉलेज प्रवक्ता भर्ती की कला विषय की परीक्षा और 27 दिसंबर को लोअर पीसीएस प्रारंभिक परीक्षा आयोजित की जानी है। छह जनवरी 2027 को हाईकोर्ट वैयक्तिक सहायक भर्ती परीक्षा तथा 30 जनवरी को गृह विज्ञान विषय की प्रवक्ता भर्ती परीक्षा प्रस्तावित है। आगे 25 अप्रैल को कर एवं राजस्व निरीक्षक भर्ती, एक और दो मई को पशु चिकित्साधिकारी भर्ती तथा आठ से 14 मई के बीच सहायक अभियंता मुख्य परीक्षा का कार्यक्रम रखा गया है।
कैलेंडर के अनुसार, समीक्षा अधिकारी और सहायक समीक्षा अधिकारी की प्रारंभिक परीक्षा 30 मई 2027, समीक्षा अधिकारी लेखा एवं सचिवालय सेवा की परीक्षा छह जून और कनिष्ठ अभियंता मुख्य परीक्षा 26 जून से एक जुलाई 2027 तक प्रस्तावित है। आयोग ने स्पष्ट किया है कि ये तिथियां संभावित हैं और आवश्यकता पड़ने पर इनमें बदलाव किया जा सकता है। इसलिए अभ्यर्थियों को आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर जारी सूचनाओं और प्रवेशपत्रों को नियमित रूप से देखना चाहिए। खासकर पीसीएस अभ्यर्थियों के लिए 29 नवंबर की प्रस्तावित परीक्षा को देखते हुए अब अंतिम तैयारी का समय है।
