राज्यभर में जागरूकता कार्यक्रम और मॉक ड्रिल; मुख्यमंत्री विश्व आपदा प्रबंधन सम्मेलन का करेंगे शुभारंभ।
उत्तराखंड में 28 नवंबर को आपदा प्रबंधन दिवस के रूप में मनाया जा रहा है। राज्य सरकार ने इस दिन को हर वर्ष आपदा प्रबंधन के प्रति जागरूकता बढ़ाने और आम लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से मनाने का निर्णय लिया है। इस अवसर पर प्रदेश के स्कूलों, सरकारी कार्यालयों, विकासखंडों और तहसीलों में जागरूकता कार्यक्रम, प्रशिक्षण और मॉक ड्रिल आयोजित किए जा रहे हैं। इस आयोजन का विशेष महत्व इसलिए भी है क्योंकि उत्तरकाशी की सिलक्यारा सुरंग में फंसे 41 श्रमिकों को सुरक्षित बाहर निकालने के ऐतिहासिक रेस्क्यू ऑपरेशन को तीन वर्ष पूरे हो रहे हैं। इस अभियान ने देश और दुनिया का ध्यान उत्तराखंड की आपदा प्रबंधन क्षमता की ओर आकर्षित किया था।
आपदा प्रबंधन विभाग के अनुसार, राज्य में आपदा की निगरानी और पूर्व चेतावनी व्यवस्था को मजबूत करने के लिए कई तकनीकी कदम उठाए गए हैं। प्रदेश में 525 हाइड्रो-मौसम संबंधी निगरानी उपकरण स्थापित किए गए हैं। इनमें 432 मौसम सेंसर, 87 हाइड्रोलॉजिकल सेंसर, तीन डॉप्लर मौसम रडार और तीन बिजली गिरने की निगरानी करने वाले सेंसर शामिल हैं। दूरस्थ और आपदा संभावित क्षेत्रों में आपातकालीन संचार बेहतर बनाने के लिए 434 सैटेलाइट फोन भी उपलब्ध कराए गए हैं। इसके अलावा मोबाइल फोन पर सीधे आपदा अलर्ट भेजने वाली सेल ब्रॉडकास्ट प्रणाली का भी परीक्षण किया गया है।
आपदा प्रबंधन दिवस का उद्देश्य केवल सरकारी तैयारियों की जानकारी देना नहीं, बल्कि आम नागरिकों को भी आपात स्थिति में सही प्रतिक्रिया देने के लिए प्रशिक्षित करना है। पहाड़ी राज्य होने के कारण उत्तराखंड में भूस्खलन, बादल फटना, बाढ़, हिमस्खलन और भूकंप जैसी चुनौतियां बनी रहती हैं। ऐसे में समय पर चेतावनी, सुरक्षित निकासी, स्थानीय स्तर पर प्रशिक्षित स्वयंसेवक और बेहतर संचार व्यवस्था जीवन बचाने में अहम भूमिका निभाते हैं। सरकार की ओर से आयोजित कार्यक्रमों में आपदा से निपटने के व्यावहारिक उपायों पर जोर दिया जा रहा है।
